देवघर के दो आरोपी गिरफ्तार; हथियार, नकदी और पिघला सोना बरामद……….
गोड्डा शहर स्थित बंगाल ज्वेलर्स में 8 जुलाई 2026 को हुई दिनदहाड़े लूटकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए देवघर जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल, एक देशी पिस्टल, एक मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, लूट की 41,500 रुपये नकदी तथा गलाकर तैयार किए गए 39.93 ग्राम सोने के टुकड़े बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई की शाम तीन हथियारबंद अपराधियों ने बंगाल ज्वेलर्स के संचालक बासुदेव रॉय को हथियार के बल पर आतंकित किया, फायरिंग की और सोने के आभूषण व नकदी लूटकर फरार हो गए थे। मामले में 9 जुलाई को नगर थाना में कांड संख्या 125/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अजीत यादव (24), निवासी पडरिया, थाना सोनारायठाड़ी, देवघर तथा राजेश यादव (38), निवासी ठाड़ी, थाना रिखिया, देवघर को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों की निशानदेही पर लूट का सामान और हथियार बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, अजीत यादव के विरुद्ध पहले से लूट एवं आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। इस वारदात में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

