देवघर। पुनासी जलाशय परियोजना से प्रभावित विस्थापित परिवारों की समस्याओं के समाधान को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में पुनासी विस्थापित समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना से जुड़े कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने विस्थापित परिवारों के समक्ष आ रही विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली और उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान पुनर्वास नीति के तहत अब तक दिए गए लाभों की समीक्षा की गई। साथ ही नई पुनर्वास नीति के अंतर्गत पात्र शेष विस्थापित परिवारों को मिलने वाली सुविधाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विस्थापितों की सभी जायज मांगों का संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि किस पुनर्वास नीति के तहत कितने लोगों को लाभ मिलना है तथा अब तक कितने परिवारों को लाभ दिया जा चुका है, इसका सत्यापन कर विस्तृत प्रतिवेदन उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी पात्र परिवार को लाभ से वंचित न रहना पड़े।
बैठक में माननीय विधायक सुरेश पासवान, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, पुनासी जलाशय परियोजना के कार्यपालक अभियंता, डैम डिवीजन के अधिकारी, पुनासी समन्वय समिति के सदस्य, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में परियोजना के कार्यों को गति देने और विस्थापित परिवारों के हितों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
