देवघर जिले की मोहनपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी रेलवे स्टेशन के समीप राहगीरों से छिनतई की योजना बना रहे थे। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर दोनों को रंगेहाथ दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिखिया थाना क्षेत्र के आमगाछी निवासी राजीव कुमार दास (25) एवं संजीव कुमार दास (20) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके पास से एक लोडेड देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, 1800 रुपये नकद तथा चोरी की एक ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कई संगीन अपराधों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन्होंने खुलासा किया कि 18 जून 2026 को देवीपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटने के प्रयास के दौरान वाहन नहीं रोकने पर सुभाष मंडल उर्फ टिंकू मंडल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में देवीपुर थाना कांड संख्या 72/2026 दर्ज है। इसके अलावा दोनों ने जसीडीह क्षेत्र से मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटकर जमुई जिले में सीएसपी लूट की घटना को अंजाम देने, पथरड्डा थाना क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी तथा जसीडीह में एक व्यक्ति का अपहरण कर मोबाइल और नकदी लूटने की बात भी स्वीकार की है।
पुलिस ने मोहनपुर थाना कांड संख्या 114/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आयुध अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों का पूर्व में भी लूट और डकैती जैसे मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। इस पूरी कार्रवाई में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में मोहनपुर, जसीडीह, देवीपुर थाना पुलिस, तकनीकी शाखा एवं सशस्त्र बल की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
