यह कार्रवाई धनबाद रांची और रामगढ़ पुलिस ने मिलकर संयुक्त कार्रवाई की……..
रामगढ़ में पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के शूटर शिवा उर्फ शिवराज को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह कार्रवाई रामगढ़, धनबाद और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के रिवरसाइड केंद्रीय विद्यालय के पास की।
रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लूनायत ने बताया कि रांची और धनबाद पुलिस से सूचना मिली थी कि प्रिंस खान का शूटर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नीयत से रामगढ़ में हथियारों के साथ घूम रहा है। सूचना मिलते ही तीनों जिलों की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चार हथियार छिपाने की जानकारी दी। हथियार बरामद करने के लिए जब पुलिस उसे घटनास्थल पर लेकर पहुंची तो उसने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने तत्काल जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शिवा के पैर में गोली लगी।
पुलिस ने मौके से हथियार, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि शिवा पहले राहुल दुबे सहित अन्य आपराधिक गिरोहों के लिए भी काम कर चुका है। पूछताछ के आधार पर उसके एक साथी को भी हिरासत में लेकर उसके पास से हथियार बरामद किए गए हैं। मामले की जांच जारी है।


