उपायुक्त ने जारी किया आदेश……………
देवघर। विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में आयोजित होने वाले श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उपायुक्त ने आदेश जारी करते हुए श्रावणी मेला अवधि में देवघर जिला सीमा के भीतर डबल डेकर वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
प्रशासन का कहना है कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए देवघर पहुंचते हैं। ऐसे में अत्यधिक भीड़, संकरी सड़कों और यातायात दबाव को देखते हुए किसी भी संभावित दुर्घटना या अव्यवस्था से बचने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन का मानना है कि डबल डेकर वाहनों के संचालन से जाम और सुरक्षा संबंधी जोखिम बढ़ सकते हैं।
जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं, वाहन चालकों, ट्रांसपोर्ट संचालकों एवं संबंधित एजेंसियों से इस आदेश का अक्षरशः पालन करने की अपील की है। साथ ही कहा गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन कराना है। उन्होंने सभी से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने का आग्रह किया।
