देवघर के मोहनपुर थाना पुलिस ने अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति तालझारी से ब्राउन शुगर लाकर मोहनपुर थाना क्षेत्र के रामजोरिया स्थित यात्री शेड के पास उसकी खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने त्वरित छापेमारी करते हुए दोनों संदिग्धों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहनपुर थाना क्षेत्र के बुढवाकुरा निवासी सूरज चौधरी उर्फ सोनू (31 वर्ष) तथा सिंहरायडीह निवासी मनीष कुमार उर्फ सन्नी (23 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 4.04 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।इस संबंध में मोहनपुर थाना कांड संख्या 115/2026 दर्ज करते हुए आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर), मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा, पुलिस अवर निरीक्षक मनेन्द्र कुमार, सहायक अवर निरीक्षक संजय यादव तथा मोहनपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। देवघर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
