रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मंगलवार को मुख्यमंत्री अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ झारखंड विधानसभा पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि मन्नान मल्लिक लंबे समय तक जनसेवा और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे तथा झारखंड, विशेषकर धनबाद की जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य किया। उनके निधन से राज्य ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता को खो दिया है। उनकी कमी सदैव महसूस की जाएगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन ने मन्नान मल्लिक के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। उल्लेखनीय है कि पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे। मंगलवार सुबह रांची के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी शोक व्यक्त किया।
