देवघर: पत्रकार चमन कुमार के आवास पर 4 जुलाई को हुई आयकर विभाग की छापेमारी के बाद मंगलवार को कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता प्रदीप यादव बैजनाथपुर स्थित उनके आवास पहुंचे। उन्होंने पत्रकार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता जारी रखने का हौसला बढ़ाया।
मीडिया से बातचीत में प्रदीप यादव ने केंद्र सरकार पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से भाजपा सरकार राजनीतिक और आलोचनात्मक आवाजों को दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि एक सामान्य पृष्ठभूमि के पत्रकार के घर आयकर विभाग की छापेमारी कई सवाल खड़े करती है। उनका दावा था कि कार्रवाई पर जितना खर्च हुआ, उससे अधिक की बरामदगी भी नहीं हुई, जिससे यह कार्रवाई प्रतिशोध की भावना से प्रेरित प्रतीत होती है।
प्रदीप यादव ने गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पत्रकार चमन कुमार द्वारा कथित “नमो एंबुलेंस” योजना की जमीनी हकीकत उजागर किए जाने के बाद यह कार्रवाई हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस योजना के माध्यम से वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं और सच सामने लाने वालों को डराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देवघर से लेकर दिल्ली तक पत्रकार चमन कुमार के साथ मजबूती से खड़ी है।
