रांची/नई दिल्ली: झारखंड सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग की पहल पर एकीकृत पुनर्वास सह संसाधन केंद्र, झारखंड भवन, नई दिल्ली के समन्वय में चाईबासा पुलिस, दिल्ली पुलिस और एक स्थानीय एनजीओ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए झारखंड की वांछित मानव तस्कर को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान खूंटी जिले की मानव तस्करी की शिकार एक बालिका को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2023 से चाईबासा में मानव तस्करी के कई मामले दर्ज थे और उसके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट भी जारी था। लगातार दो-तीन दिनों तक रेकी के बाद शनिवार सुबह उसे उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया गया। न्यायालय ने आरोपी को चार दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजा है।कार्रवाई के दौरान एक अन्य मानव तस्कर को भी पकड़ा गया, जिसके घर से खूंटी की बालिका बरामद हुई। उसका चिकित्सीय परीक्षण कर सुरक्षित गृह में रखा गया है और नियमानुसार उसे बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह ने कहा कि मानव तस्करी के मामलों में सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है। पीड़ितों के सुरक्षित पुनर्वास और सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।
