देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 के चौथे दिन रविवार को बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। प्रातः 4:10 बजे मंदिर का पट खुलते ही विधिवत पूजा-अर्चना के बाद जलार्पण शुरू हो गया। पट खुलने के साथ ही रूट लाइन में पहले से कतारबद्ध शिवभक्तों ने “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
सुबह से ही बाबा मंदिर परिसर, क्यू कॉम्प्लेक्स और रूट लाइन शिवभक्तों से गुलजार रही। दूर-दराज़ राज्यों से पहुंचे कांवरिया अनुशासित ढंग से कतारबद्ध होकर निरंतर आगे बढ़ते रहे। प्रशासन द्वारा की गई व्यापक व्यवस्था के कारण श्रद्धालुओं को सुगमता से जलार्पण करने का अवसर मिला। सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, साफ-सफाई तथा भीड़ प्रबंधन को लेकर सभी विभाग मुस्तैदी से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
मंदिर परिसर और पूरे मेला क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है। श्रद्धालुओं के चेहरे पर बाबा के दर्शन और जलार्पण की खुशी स्पष्ट दिखाई दे रही है। जिला प्रशासन लगातार मेला क्षेत्र की निगरानी कर रहा है ताकि लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम दर्शन की सुविधा मिलती रहे। राजकीय श्रावणी मेला 2026 में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के बावजूद व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं।
