देवघर श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मेला क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। उपायुक्त के निर्देश पर अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने विभिन्न पेड़ा प्रतिष्ठानों, होटल एवं भोजनालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से 45 पेड़ा नमूनों की जांच की गई, जिसमें 42 नमूने सही एवं 3 नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए गए।
निरीक्षण के दौरान 42.5 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा मौके पर ही नष्ट कराया गया। वहीं, खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के उल्लंघन पर गंगा साह पेड़ा भंडार, श्री गंगा साह पेड़ा भंडार तथा शिव होटल एंड रेस्टोरेंट पर दो-दो हजार रुपये का ऑन-द-स्पॉट जुर्माना लगाया गया। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में मिलावट या मानकों के उल्लंघन की स्थिति में लाइसेंस निरस्तीकरण सहित कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। श्रावणी मेला अवधि तक यह विशेष निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।


