जामताड़ा में दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने का आग्रह।
जामताड़ा। रांची में JSSC, JPSC एवं CGL परीक्षा में कथित धांधली के विरोध में शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ भाजपा के आह्वान पर मंगलवार को जामताड़ा में झारखंड बंद का असर देखने को मिला। जिलाध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न बाजारों का भ्रमण कर दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। कई दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद कर आंदोलन का समर्थन किया।जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि झारखंड में बड़ी संख्या में युवा सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन परीक्षा में कथित अनियमितताओं और प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा गरीब और मेहनतकश छात्रों के हितों के साथ खड़ी है तथा ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के कारण युवाओं की मेहनत और नौकरी की उम्मीदों पर पानी फिर रहा है। भाजपा नेता माधव महतो ने रांची में छात्रों पर लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि बंद के दौरान जामताड़ा में शांतिपूर्ण माहौल में दुकानदारों ने छात्रों के समर्थन में प्रतिष्ठान बंद किए।मौके पर भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, जिला महामंत्री कमलेश मंडल, अभय सिंह, विनोद मंडल, महेंद्र मंडल, सुकुमार सरखेल, दिलीप हेंब्रम, सुजाता सिंह, कुणाल सिंह, प्रदीप राउत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
