राजकीय श्रावणी मेला 2026 के 14वें दिन भी देवघर में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुल्तानगंज से करीब 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर कांवरिए पवित्र गंगाजल लेकर देवघर पहुंच रहे हैं। पूरे कांवरिया पथ से लेकर बाबा मंदिर परिसर तक ‘बोल-बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंज रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सम्मान और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर एआई आधारित सर्विलांस, सीसीटीवी और अन्य निगरानी प्रणालियों के जरिए नजर रखी जा रही है। प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण कराना है।
