राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तीसरी सोमवारी के सफल संचालन को लेकर देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया एवं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बीएड कॉलेज परिसर में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से ब्रीफ किया। उपायुक्त ने कहा कि सोमवारी के दिन श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में सभी अधिकारी पूरी सजगता, कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव के साथ कार्य करें। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध एवं सुगम जलार्पण कराना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कतार में गैप नहीं होने देने तथा श्रद्धालुओं को विनम्रता के साथ हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि मेला व्यवस्था में किसी भी स्तर पर कॉर्डिनेशन और कम्युनिकेशन गैप की गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए। दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालु देवघर से बेहतर अनुभव लेकर लौटें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
एसपी प्रवीण पुष्कर ने क्यू मैनेजमेंट एवं ट्रैफिक मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि सभी ओपी एवं यातायात ओपी की जिम्मेदारी डीएसपी रैंक के अधिकारियों को दी गई है। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में डीडीसी पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, एसडीओ रवि कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
