जामताड़ा के फतेहपुर सदर स्थित उच्च विद्यालय के समीप नंदीधाम में चापाकल खराब रहने से श्रावण मास में श्रद्धालुओं को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को नाला विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी सह ह्यूमन राइट्स एंड जस्टिस मूवमेंट के राज्य सचिव शांति गोपाल महतो पूजा-अर्चना के लिए नंदीधाम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को पानी के लिए परेशान देखा और खराब चापाकल के पास पहुंचकर समस्या की जानकारी ली।
शांति गोपाल महतो ने कहा कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु नंदीधाम पहुंच रहे हैं, ऐसे में पेयजल की समुचित व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने प्रखंड प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से चापाकल की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बच्चों, श्रद्धालुओं और राहगीरों को इससे काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र समस्या का समाधान करने की अपील की। मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं महिलाएं मौजूद थीं।
