पाकुड़। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत हाथकाठी आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी सेविका से एएनसी (प्रसव पूर्व जांच), बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण तथा केंद्र की अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।उपायुक्त ने केंद्र में पंजीकृत बच्चों एवं लाभार्थियों से संबंधित अभिलेखों का अवलोकन करते हुए व्यवस्थाओं की स्थिति जानी। उन्होंने सेविका को निर्देश दिया कि केंद्र में आने वाले बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण और स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।उन्होंने गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने तथा एएनसी जांच से जुड़ी आवश्यक जानकारी और सेवाएं समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र पोषण और प्रारंभिक बाल विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ऐसे में इनके संचालन में पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता बरती जानी चाहिए।उन्होंने बच्चों की नियमित उपस्थिति, केंद्र की स्वच्छता तथा पोषण संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान केंद्र की सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने और लाभार्थियों को योजनाओं का समुचित लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।

