हजारीबाग। गिद्दी थाना क्षेत्र के कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस और संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में दो संदिग्ध घायल हुए, जबकि एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त की रात करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि भुरकुंडा की ओर से राहुल दुबे के कुछ सहयोगी मोटरसाइकिल से गिद्दी क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने पहुंचने वाले हैं। सूचना के सत्यापन के लिए गिद्दी थाना प्रभारी मोहम्मद इकबाल हुसैन के नेतृत्व में गिद्दी थाना पुलिस, उरीमारी थाना प्रभारी और सशस्त्र बल ने अभियान शुरू किया।
करीब 3:50 बजे पुराना कांटा घर रोड के पास पुलिस ने वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध पहुंचे। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे और बाइक गिरने के बाद जंगल की ओर भाग गए। पुलिस का दावा है कि जंगल से आरोपियों ने फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
इसमें बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर घायल हुए। दोनों को सदर अस्पताल हजारीबाग भेजा गया। घटनास्थल से दो हथियार, गोलियां, खोखा, पर्चा और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
