जामताड़ा: नारायणपुर प्रखंड के दीघारी पंचायत अंतर्गत चैनपुर काकरीबाद टोला निवासी 22 वर्षीय प्रवासी मजदूर लादेन अंसारी की हैदराबाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। टेलीफोनिक जानकारी के अनुसार, तबीयत खराब होने के बाद लादेन को हैदराबाद में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। बताया गया कि दो दिन पूर्व डेंगू के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान हामिद अंसारी के पुत्र लादेन अंसारी के रूप में हुई है। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, इलाज के दौरान उसकी स्थिति बिगड़ती चली गई और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया।
मौत के बाद एंबुलेंस के माध्यम से लादेन अंसारी का शव उसके पैतृक गांव चैनपुर काकरीबाद टोला लाया गया। शव के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। युवा प्रवासी मजदूर का शव देखकर ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।
लादेन की असमय मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की सांत्वना दी।
