जामताड़ा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने नाला एवं जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न सुनवाई स्थलों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जेबीसी जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के अलावा पंचायत भवन चापुड़िया एवं सालुका में चल रही सुनवाई प्रक्रिया का जायजा लिया और संबंधित दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन किया।
उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मियों से नोटिस प्राप्त मतदाताओं के मामलों, प्रस्तुत दस्तावेजों, सत्यापन तथा मतदाता सूची में आवश्यक सुधार की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले का निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित प्रक्रिया के तहत निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। दस्तावेजों की नियमानुसार जांच एवं सत्यापन के बाद ही निर्णय लेने का निर्देश दिया।
मौके पर मौजूद मतदाताओं से उपायुक्त ने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जा रहा है। नोटिस प्राप्त मतदाता बिना घबराए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य दस्तावेजों के साथ सुनवाई में शामिल हों। उन्होंने कहा कि SIR का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मतदाताओं को जागरूक करने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
जामताड़ा से गौतम ठाकुर की रिपोर्ट……….

