गिरिडीह के धनवार के प्रसिद्ध नौलखा डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। धनवार नगर पंचायत अध्यक्ष विजय संथालिया ने नौलखा डैम परिसर में विकास कार्यों से संबंधित कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विकास योजनाओं से संबंधित बोर्ड भी लगाया गया।
नौलखा डैम को आने वाले समय में पर्यटन, मनोरंजन और हरियाली के आकर्षक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। डैम परिसर में नौकाविहार की सुविधा शुरू किए जाने से स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी बेहतर मनोरंजन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
विकास योजनाओं में प्रखंड कार्यालय जाने वाली सड़क का निर्माण एवं पक्कीकरण, विभिन्न स्थानों पर हाईमास्ट व स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था तथा आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस स्टैंड का निर्माण सहित कई कार्य शामिल हैं।
विकास कार्यों की पहल से स्थानीय लोगों में उत्साह है। लोगों का कहना है कि योजनाएं धरातल पर पूरी होने के बाद नौलखा डैम धनवार की पर्यटन पहचान को मजबूत करेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है।
