गोड्डा पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में डेडिकेटेड एंटी-नारकोटिक्स टीम ने नगर थाना और हंसडीहा थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सरकंडा चौक निवासी छोटु अंसारी उर्फ जुबैर अंसारी, बारीडीह गंगवारा निवासी प्रीतम कुमार आर्य उर्फ प्रीतम सोलर तथा पगवारा निवासी चंदन कुमार उर्फ चंदन डॉन को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से कुल 20.39 ग्राम ब्राउन शुगर, 3 लाख 54 हजार 138 रुपये नकद, चार इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन, लाइटर, एल्युमिनियम फॉयल और पैकिंग सामग्री बरामद की है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
