जामताड़ा। पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से गिरकर 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शुक्रवार अहले सुबह करीब 5:30 बजे जामताड़ा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पोल संख्या 251/27A के पास हुआ। मृतक की पहचान देवघर जिले के बूढ़े गांव निवासी मुन्ना कुमार शर्मा (18) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मुन्ना अपने मामा सार्भु शर्मा को इलाज के लिए दो दिन पहले रांची लेकर गया था। शुक्रवार सुबह दोनों पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से रांची से जसीडीह लौट रहे थे। ट्रेन के जामताड़ा स्टेशन से गुजरने के दौरान मुन्ना बाथरूम से लौट रहा था। इसी दौरान गेट के पास अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के मामा सार्भु शर्मा ने बताया कि बाथरूम से लौटते समय ट्रेन की रफ्तार तेज थी और पैर फिसलने से मुन्ना नीचे गिर गया। यात्रियों के शोर मचाने पर ट्रेन को आगे रोककर रेल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर जीआरपी मधुपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे, एसआई दिवाकर चौधरी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

