रांची। गणेश महोत्सव के मद्देनजर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने सोमवार को शहर के विभिन्न गणपति पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विधि-व्यवस्था सहित श्रद्धालुओं की सुविधा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उपायुक्त ने फिरयालाल चौक, रेलवे कॉलोनी काली मंदिर गणेश समिति और गजराज पूजा समिति, कचहरी चौक स्थित गणपति पंडाल का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न गणेश पूजा समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। उपायुक्त ने अपने परिवार के साथ भगवान गणेश के दर्शन किए और सभी के सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की। उन्होंने पूजा समितियों से आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी भी ली।
आगामी पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन ने शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रशासन की ओर से विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। मौके पर शांति समिति के सदस्य जय सिंह यादव, सागर कुमार, नन्द किशोर सिंह चंदेल, संदीप मुखर्जी, राजेश सिन्हा सन्नी, रमेश सिंह, वार्ड पार्षद आरती कुमारी, विक्की वर्मा समेत कई पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित थे।

