देवघर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को रूटीन चेकिंग के दौरान आरपीएफ जसीडीह की टीम ने लावारिस बैग से 7.050 किलोग्राम गांजा जैसा संदिग्ध पदार्थ बरामद किया। कार्रवाई 14 सितंबर 2026 को ट्रेन संख्या 15626 की जांच के दौरान की गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन के देवघर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पहुंचने के बाद एएसआई समीर कुमार खा और कांस्टेबल मनिंदर कुमार कोचों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान करीब 10 बजे स्लीपर कोच में सीट संख्या 79 के नीचे नीले रंग का एक लावारिस बैग मिला। बैग खोलने पर पीले सेलो टेप से लिपटे सात पैकेट बरामद हुए, जिनमें गांजा जैसा संदिग्ध पदार्थ पाया गया। बैग में कुछ पदार्थ खुले रूप में भी रखा था। मौके पर वजन कराने पर कुल वजन 7.050 किलोग्राम पाया गया।
आरपीएफ ने वरीय अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद एरिया ऑफिसर जसीडीह रामगोपाल सिंह की मौजूदगी में जब्ती की कार्रवाई की गई। आसपास पूछताछ और तलाशी के बावजूद बैग पर किसी व्यक्ति ने दावा नहीं किया। आरपीएफ ने लावारिस बैग और संदिग्ध पदार्थ को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए देवघर नगर थाना पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
