देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के आदेश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 16 सितंबर को मधुपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चार संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों पर फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी और पीएम किसान योजना के नाम पर लोगों से ठगी करने का आरोप है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधुपुर थाना क्षेत्र के बियाही गड़हा निवासी अनिश दास (21), सारठ थाना क्षेत्र के खरना निवासी सुमेश महरा (38), जसीडीह थाना क्षेत्र के रोहिणी आजान टोला निवासी राहुल दास (26) और मधुपुर थाना क्षेत्र के गुनियासोल निवासी दिनेश दास (22) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी फर्जी Google Pay, PhonePe और Paytm कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का झांसा देते थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस लेने तथा एयरटेल पेमेंट बैंक कार्ड बंद कर दोबारा चालू कराने के नाम पर भी ठगी करते थे। आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
