गिरिडीह। दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के श्राद्ध कार्यक्रम में गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत झारखंड सरकार के कई मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कार्यक्रम में पहुंचकर दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, मंत्री नेहा शिल्पी तिर्की, मंत्री हफीजुल हसन अंसारी, मंत्री इरफान अंसारी समेत कई विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से पार्टी और झारखंड की राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।
श्राद्ध कार्यक्रम में बड़ी संख्या में झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता, समर्थक और आम लोग भी पहुंचे। लोगों ने दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान माहौल भावुक रहा।



