देवघर जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भू-अर्जन व मुआवजा, पेंशन, आवास, राशन कार्ड और मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना सहित विभिन्न समस्याएं रखीं। उपायुक्त ने एक-एक कर सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दरबार में राशन कार्ड में नाम जोड़ने, पेंशन, राजस्व एवं अन्य मामलों का कई स्तर पर ऑन द स्पॉट समाधान किया गया। चावाडीह पंचायत में मुख्यमंत्री सड़क एवं दो गार्डवाल निर्माण में अनियमितता की शिकायत पर उपायुक्त ने डीडीसी की निगरानी में जांच कर प्रगति प्रतिवेदन मांगा। वहीं लकड़ीगंज में हर घर नल योजना के तहत 24 घंटे में कनेक्शन देने का निर्देश दिया। अधिकारियों को शिकायतों का भौतिक सत्यापन कर एक सप्ताह में प्रतिपुष्टि देने को कहा गया।
