रांची के आजाद बस्ती-पत्थलकुदवा रोड में शनिवार को बंद पड़े बूचड़खाने को हटाने की कार्रवाई के दौरान तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। रांची नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ बूचड़खाना हटाने के लिए बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची। निगम की कार्रवाई शुरू होने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और इसका विरोध करने लगे।
विरोध के कारण आजाद बस्ती-पत्थलकुदवा रोड पर आवागमन प्रभावित हो गया तथा कुछ समय के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी। पूरे इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है।
नगर निगम की टीम बूचड़खाने को हटाने की कार्रवाई के लिए मौके पर मौजूद रही, जबकि स्थानीय लोग कार्रवाई का विरोध करते नजर आए। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। मौके पर तनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखा गया है।



