तीन आरोपी गिरफ्तार………….
देवघर नगर थाना क्षेत्र में 28 अगस्त से 15 सितंबर के बीच रंगदारी, मारपीट और हथियार के बल पर धमकी देने से जुड़े चार मामले दर्ज हुए हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गौरव झा, निहाल मिश्रा और विक्रम कुमार चौरसिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, CCTV कैमरा और DVR बरामद किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नगर थाना में कांड संख्या 336/26, 360/26, 363/26 और 364/26 दर्ज हैं। इनमें 15 सितंबर को लक्ष्मी चरण द्वारी रोड के दुकानदारों ने हथियार के बल पर रंगदारी मांगने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। शिकायत के मुताबिक मोबाइल कब्जे में लेकर UPI के जरिए 5,103 रुपये ट्रांसफर कराए गए और 35 हजार रुपये नकद भी लिए गए। साथ ही हर महीने 50 हजार रुपये रंगदारी देने की कथित धमकी दी गई।
इससे पहले 11 सितंबर की रात भी इसी इलाके में एक दुकानदार ने गौरव झा और निहाल मिश्रा पर हथियार लेकर पहुंचने, मारपीट और ब्लेड से हमला करने का आरोप लगाया था। शिकायत में दुकान से CCTV कैमरा और करीब 3,500 रुपये नकद ले जाने की बात कही गई थी।
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देवघर के अलावा जमशेदपुर में भी छापेमारी की। पुलिस के अनुसार गौरव और निहाल को जमशेदपुर से पकड़ा गया। पूछताछ के आधार पर शिवगंगा क्षेत्र से पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए। वहीं विक्रम कुमार चौरसिया की निशानदेही पर छतीसी स्थित एक घर से CCTV कैमरा और DVR बरामद हुआ। पुलिस मामले में डिजिटल साक्ष्यों और कथित लेन-देन की भी जांच कर रही है।
