देवघर। मारगोमुण्डा थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक मो. कलीम अंसारी से हुई लूट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना 22 अगस्त की शाम करीब 6:25 बजे महुआटांड़ और कानों के बीच नदी के पास हुई थी। सीएसपी बंद कर घर लौट रहे कलीम अंसारी को स्प्लेंडर बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने रोककर उनके बैग से 78 हजार रुपये, एचपी कंपनी का लैपटॉप, मोरफो डिवाइस, जीपीएस कनेक्टर, दस्तावेज, पर्स और मोबाइल लूट लिया था। मामले में मारगोमुण्डा थाना कांड संख्या 61/2026 दर्ज किया गया था।
अनुसंधान और छापेमारी के दौरान पुलिस ने अप्राथमिकी अभियुक्त नसिद अंसारी (24), निवासी चमरबीघा और नवाब अंसारी (20), निवासी मुरलीपहाड़ी को गिरफ्तार किया। नसिद के पास से 4500 रुपये के 500 के नौ नोट, 200 रुपये के दो कटे नोट, पीड़ित का पैन कार्ड और दो फोटो बरामद हुए। वहीं, नवाब की निशानदेही पर तालाब से एचपी लैपटॉप तथा 9 हजार रुपये बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है।
