देवघर। स्थानीय टावर चौक पर शनिवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। इस दौरान राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में राजद नेता सह विधायक सुरेश पासवान ने आरोप लगाया कि बिहार और बंगाल में वोट चोरी कर भाजपा की सरकार बनवाई गई। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में देश के प्रधानमंत्री की भी अहम भूमिका है। उनके इशारे पर मुख्य चुनाव आयुक्त के माध्यम से वोट चोरी कर भाजपा को सत्ता दिलाने का आरोप लगाया। सुरेश पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त को इस्तीफा देना होगा। जब तक दोनों पद नहीं छोड़ते, राजद का आंदोलन जारी रहेगा।
राजद युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने मुख्य चुनाव आयुक्त का सहारा लेकर बिहार और बंगाल का चुनाव जीता और लोकतंत्र की हत्या की। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो राजद सड़क से संसद तक आंदोलन करेगा।
मौके पर जिला अध्यक्ष फणीभूषण यादव, जमील भाई, प्रमोद यादव, कृष्णा सिंह यादव, मनोरंजन कुमार, हैदर खान, बिनोद यादव, विजय यादव, पप्पू खान, कुंदन कुमार सिंह और नवीन देव यादव समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।


