पाकुड़। अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर जिला प्रशासन की ओर से लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार देर रात अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में पाकुड़ अंचल के चार चेकपोस्टों का औचक निरीक्षण किया गया। टीम ने चेंगाडांगा, पत्थरघट्टा, प्यादापुर एवं चांदपुर चेकपोस्ट का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान चेकपोस्ट से गुजरने वाले खनिज परिवहन से संबंधित वाहनों की जांच की गई। अधिकारियों ने वाहनों के परिचालन, चालान तथा खनिज परिवहन से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर नियमों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया।
मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खनन निरीक्षक सहित पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने चेकपोस्ट पर तैनात कर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। साथ ही किसी भी संदिग्ध अथवा अवैध खनिज परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
