रांची। लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल, डोरंडा में आयोजित सीनियर स्कूल कॉन्सर्ट-2026 में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में छात्राओं ने लुइसा मे अलकॉट की प्रसिद्ध कृति ‘लिटिल वुमन’ पर आधारित संगीत, नृत्य एवं नाट्य की शानदार प्रस्तुति दी। डीसी ने छात्राओं के अनुशासन, आत्मविश्वास, समन्वय और टीम वर्क की सराहना की।अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जेन-जी और जेन-अल्फा इंटरनेट, सोशल मीडिया और रील्स के दौर की पीढ़ी है। तकनीक से दूरी समाधान नहीं, बल्कि उसका सही दिशा में उपयोग जरूरी है। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सीमित और सार्थक उपयोग करते हुए अपना समय शिक्षा और भविष्य निर्माण में लगाना चाहिए।उन्होंने सही मित्रों के चयन पर भी जोर देते हुए कहा कि अच्छी संगति व्यक्ति के विचार और व्यक्तित्व को प्रभावित करती है। डीसी ने छात्राओं को अपनी क्षमताओं और रुचियों को पहचानने की सलाह देते हुए कहा कि हर बच्चा खास है। सफलता केवल प्रसिद्धि हासिल करना नहीं, बल्कि अपनी क्षमता के अनुरूप सार्थक कार्य करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से हर चुनौती का आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ सामना करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, प्राचार्या सिस्टर के. क्लारा सहित शिक्षक, छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे।

