देवघर। समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग के कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पोषण ट्रैकर के माध्यम से जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर दर्ज की जा रही गतिविधियों और आंकड़ों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने आंकड़ों का समय-समय पर क्रॉस वेरिफिकेशन कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषाहार वितरण, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। साथ ही अवकाश के दिनों को छोड़कर सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को शत-प्रतिशत खोलना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सेविका एवं सहिया के कार्यों की नियमित निगरानी तथा क्षेत्र भ्रमण करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व योजना, टीएचआर वितरण, एमटीसी सेंटर संचालन और बच्चों एवं महिलाओं के टीकाकरण की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने योजनाओं के क्रियान्वयन में शिथिलता पर नाराजगी जताते हुए बेहतर प्रदर्शन नहीं करने वाले अधिकारियों व कर्मियों का वेतन काटने और शो-कॉज करने का निर्देश दिया। आंगनबाड़ी केंद्रों के रिक्त पदों पर सेविका एवं सहिया की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने को भी कहा।
बैठक में डीडीसी पीयूष सिन्हा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कुमारी रंजना समेत संबंधित अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।

