रांची। जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी-20 क्रिकेट मुकाबले को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया जा रहा है। सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक, दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, मनोज कौशिक ने स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था के साथ प्रवेश और निकास द्वार, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा दर्शकों की सुरक्षा का जायजा लिया। इसके अलावा भारतीय और वेस्टइंडीज टीम के खिलाड़ियों एवं अन्य सदस्यों की सुरक्षा को लेकर किए गए इंतजामों की भी समीक्षा की गई।
एडीजी ने स्टेडियम परिसर में मौजूद महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने मैच के दौरान संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस की तैयारियों की भी समीक्षा की। अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मैच को लेकर बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के रांची पहुंचने की संभावना है। ऐसे में पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के साथ-साथ सुचारू यातायात और दर्शकों की सुविधा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

