देवघर। नगर निगम कार्यालय सभागार में सोमवार को नगर आयुक्त की अध्यक्षता में राजस्व संग्रहण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व वृद्धि और कर वसूली की वर्तमान स्थिति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए वसूली प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।नगर आयुक्त ने सभी राजस्व निरीक्षकों (RI) को अपने-अपने आवंटित वार्डों में डोर-टू-डोर जाकर शत-प्रतिशत प्रॉपर्टी टैक्स वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी करदाता कर भुगतान से वंचित नहीं रहना चाहिए। वहीं, कर भुगतान में आनाकानी करने वाले और लंबे समय से बकाया रखने वाले करदाताओं को तत्काल विधिवत नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।बैठक में स्पष्ट किया गया कि विभागीय दिशा-निर्देश के तहत फिलहाल नगर निगम क्षेत्र में केवल प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली की जा रही है। ट्रेड लाइसेंस और वाटर टैक्स की वसूली विभाग से आधिकारिक आदेश मिलने के बाद ही शुरू होगी।करदाताओं की सुविधा के लिए नगर निगम में जन सुविधा केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। ऑनलाइन या डोर-टू-डोर भुगतान में परेशानी होने पर लोग जन सुविधा केंद्र पहुंचकर टैक्स जमा कर सकते हैं। बैठक में सहायक नगर आयुक्त, नगर मिशन प्रबंधक, टैक्स दरोगा, राजस्व निरीक्षक और टैक्स कलेक्टर मौजूद रहे।
