देवघर। गणेश पूजा के अवसर पर खोरादाह में हुए गोलीकांड के मामले में नगर थाना कांड संख्या 389/26 के नामजद आरोपी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शिवगंगा क्षेत्र में छापेमारी कर अंकित झा उर्फ ब्रशली को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। इस संबंध में नगर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने गणेश पूजा के दौरान हुए गोलीकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बाबा परिहस्त गिरोह का सक्रिय सदस्य है और शिवगंगा क्षेत्र में दुकानदारों से हथियार के बल पर रंगदारी वसूलने तथा जमीन पर अवैध कब्जा कराने में संलिप्त रहा है। आरोपी के खिलाफ नगर थाना में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
