देवघर। रिखिया थाना क्षेत्र के महेशमारा गांव के पास से चोरी हुए मालवाहक टेम्पो मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में बासुदेव यादव ने 5 अक्टूबर को रिखिया थाना में मालवाहक टेम्पो संख्या JH 15Y 2481 चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद रिखिया थाना कांड संख्या 121/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अमित यादव उर्फ बाबा, कुन्दन कुमार उर्फ अंडे और विकास यादव उर्फ बिजु को गिरफ्तार किया। तीनों महतवाईनडीह के रहने वाले हैं। पुलिस ने चोरी गया मालवाहक टेम्पो बरामद करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त सवारी टेम्पो संख्या JH 15X 5656 भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
