देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के आदेश पर पुलिस उपाधीक्षक साइबर कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 7 अक्टूबर 2026 को सारठ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर छह संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी और पीएम किसान योजना के नाम पर लोगों से ठगी करने का आरोप है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. सलाउद्दीन अंसारी, राजाबाबू, चंदन दास, राजनन्दन दास, आशीष दास और मनोज दास के रूप में हुई है। ये सभी देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी फर्जी Google Pay, PhonePe और Paytm कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का झांसा देते थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस लेने तथा एयरटेल पेमेंट बैंक के नाम पर भी ठगी करने की बात सामने आई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 9 मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड बरामद किए हैं। तकनीकी जांच में बरामद मोबाइल नंबर और IMEI के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज पाए जाने की बात पुलिस ने कही है।
