रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की माता एवं स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन से पूरे झारखंड में शोक की लहर है। गुरुवार को रांची के मोरहाबादी स्थित आवास पर स्वर्गीय रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इस दौरान राज्य सरकार के मंत्री चमरा लिंडा, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सांसद विजय हांसदा, सांसद ढुल्लू महतो, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो समेत कई जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।इसके अलावा विधायकगण, पूर्व मंत्री, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आम लोग भी मोरहाबादी आवास पहुंचे। सभी ने स्वर्गीय रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।इस दौरान उपस्थित लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन समेत पूरे शोकाकुल परिवार को इस अपार और विकट दुःख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करने की कामना की। रूपी सोरेन के निधन से राजनीतिक, सामाजिक और आम जनजीवन से जुड़े लोगों में गहरा शोक व्याप्त है।


