रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और उनकी धर्मपत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन सोमवार को स्मार्ट सिटी, रांची स्थित आवास पहुंचे। यहां उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की स्वर्गीय पुत्री तृषा सिंह के द्वादशा कार्यक्रम एवं ब्रह्मभोज में शामिल होकर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्वर्गीय तृषा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा भी जताया।
मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्वर्गीय तृषा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने भी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
द्वादशा कार्यक्रम एवं ब्रह्मभोज के दौरान माहौल गमगीन रहा। उपस्थित लोगों ने भी स्वर्गीय तृषा सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन पर गहरा दुख जताया और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की कामना की।

