बोकारो। जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन के पति रमेश कुमार ने अपनी पत्नी, सास और ड्राइवर पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने सिटी थाना में आवेदन देकर मामले की जांच की मांग की है। पुलिस ने रमेश कुमार को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां उनके कंधे, हाथ और जांघ पर दांत काटने के निशान मिलने की बात सामने आई है।
रमेश कुमार के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे ड्राइवर को धमकी देने के सवाल पर पत्नी के साथ उनकी बहस हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई। उन्होंने लगातार प्रताड़ित किए जाने का आरोप भी लगाया। साथ ही, थाना परिसर में मौजूद रहने के दौरान जिला खेल पदाधिकारी के फूफाजी द्वारा फोन पर धमकी दिए जाने का दावा किया। उन्होंने डीसी के स्टेनो अजय पर संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
रमेश कुमार ने बताया कि वह पूर्व सैनिक हैं और नौकरी छोड़ने के बाद परिवार व बच्चों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
फिलहाल, पुलिस आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है। मामले में पुलिस की जांच और दूसरे पक्ष का आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है।

