पाकुड़: दुर्गा पूजा-2026 के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पाकुड़ पुलिस ने शुक्रवार को मॉक ड्रिल किया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह की मौजूदगी में झारखंड सशस्त्र पुलिस एवं जिला बल के जवानों ने दंगा नियंत्रण और भीड़ को नियंत्रित करने का अभ्यास किया।मॉक ड्रिल के दौरान जवानों को लाठी, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, टीयर गैस गन और वाटर कैनन सहित विभिन्न सुरक्षा एवं दंगारोधी उपकरणों के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। अभ्यास में दिखाया गया कि यदि असामाजिक तत्वों द्वारा विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न की जाती है, तो उससे किस तरह निपटा जाएगा।मॉक ड्रिल के तहत सबसे पहले दंडाधिकारी द्वारा उपद्रव कर रही भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया गया। स्थिति नियंत्रित नहीं होने पर वाटर कैनन से पानी की बौछार कर भीड़ को तितर-बितर करने का अभ्यास किया गया। इसके बाद अश्रु गैस के गोले छोड़ने और लाठी बल के इस्तेमाल के जरिए भीड़ को नियंत्रित करने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया।इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, परिचारी प्रवर सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को तैयार रखना है।
