देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 17 अक्टूबर को सारठ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी और पीएम किसान योजना के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। आरोपियों के पास से 12 मोबाइल फोन और 12 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी गूगल पे, फोनपे और पेटीएम के फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का लालच देते थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल कर ठगी करते थे। एयरटेल पेमेंट बैंक कार्ड बंद होने और उसे दोबारा चालू कराने का झांसा देकर भी लोगों को निशाना बनाया जाता था।
पुलिस के मुताबिक, जब्त मोबाइल नंबरों और आईएमईआई नंबरों की तकनीकी जांच में विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें मिली हैं। गिरफ्तार आरोपियों में कन्हैया कुमार दास और नंदन कुमार दास पूर्व में भी साइबर थाना कांडों में जेल जा चुके हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
