मोहनपुर थाना क्षेत्र के कटवन-बागरा मार्ग पर वारदात, मुखिया पति कृष्ण यादव समेत दर्जनों युवकों पर हमले का आरोप।
देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सिमराकिता गांव निवासी लखी महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब नौ बजे लखी महतो दही बेचने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान कटवन-बागरा मार्ग स्थित जोरिया के पास पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उन पर कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि घटना के बाद उन्हें छिपाने के उद्देश्य से पुलिया के नीचे फेंक दिया गया।इसके बाद गंभीर रूप से घायल लखी महतो को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना में कटवन पंचायत के मुखिया पति कृष्ण यादव समेत दर्जनों युवकों पर हमला करने का आरोप लगाया गया है।घटना के बाद गांव में तनाव और शोक का माहौल है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस की जांच और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

