जामताड़ा: रूटिंग कार्यक्रम के तहत शनिवार को जिले के वरीय पदाधिकारी ने फतेहपुर पंचायत का निरीक्षण कर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं संस्थानों की स्थिति का जायजा लिया। भ्रमण की शुरुआत पंचायत सचिवालय में समीक्षा बैठक से हुई, जहां पंचायत में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान वरीय पदाधिकारी ने पंचायत पुस्तकालय पहुंचकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से बातचीत की और उन्हें नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। इसके बाद फतेहपुर बाजार स्थित जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान का निरीक्षण किया गया, जहां मिली अनियमितताओं पर नाराजगी जताते हुए दुकानदार को व्यवस्था सुधारने की सख्त चेतावनी दी गई।दुर्गा मंदिर के समीप जलजमाव और सड़क पर गंदा पानी व कचरा बहाने की शिकायत मिलने पर वरीय पदाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और संबंधित लोगों को भविष्य में ऐसा नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने दोबारा शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-1 के जर्जर भवन का निरीक्षण कर केंद्र को अस्थायी रूप से विद्यालय भवन में संचालित करने का निर्देश दिया गया। अंत में मध्य विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु अपर समाहर्ता, बीडीओ, विभिन्न विभागों के अधिकारी, मुखिया एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
