पाकुड़। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पाकुड़िया में जनसंख्या स्थिरता, परिवार कल्याण तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी एवं थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने फीता काटकर तथा दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर बीडीओ सोमनाथ बनर्जी ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या पर नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने परिवार नियोजन, सुरक्षित मातृत्व, नवजात शिशु की देखभाल तथा संतुलित जनसंख्या के सामाजिक और आर्थिक महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छोटा, स्वस्थ और शिक्षित परिवार ही समृद्ध समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला है।
थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने भी लोगों से परिवार कल्याण एवं जनसंख्या नियंत्रण संबंधी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम में डॉ. मंजर आलम, डॉ. वसीम राजा, डॉ. अभय सराफ, स्वास्थ्य कर्मी, सहिया साथी, मार्शिला सोरेन, बसंती टुडू, मृत्युंजय कुमार, अलख निरंजन सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। सभी ने जनसंख्या स्थिरता, परिवार कल्याण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य संबंधी संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
