बिहार। जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर महिसौड़ी चौक के आगे शुक्रवार सुबह एक चलती ई-रिक्शा की बैटरी फटने से भीषण हादसा हो गया। डॉ. नीरज साह के क्लिनिक के समीप करीब 10 बजे हुए इस हादसे में ई-रिक्शा पर सवार दो इंटरमीडिएट की छात्राएं गंभीर रूप से झुलस गईं। इनमें एक की हालत नाजुक होने पर उसे पटना पीएमसीएच रेफर किया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों छात्राएं कोचिंग सेंटर से लौट रही थीं। इसी दौरान ई-रिक्शा की सीट के नीचे लगी बैटरी में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके के बाद वाहन में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और दोनों छात्राओं को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। वहीं, दूसरी छात्रा का इलाज निजी क्लिनिक में चल रहा है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ई-रिक्शा को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका बैटरी के ओवरहीट होने या शॉर्ट सर्किट की है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
