रोड रोलर से कुचले 50 से अधिक मॉडिफाइड साइलेंसर………..

जमशेदपुर: दुर्गा पूजा के दौरान शहर में शांति व्यवस्था और सुचारू यातायात बनाए रखने को लेकर जमशेदपुर ट्रैफिक पुलिस ने तेज और असामान्य आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे दोपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को पुलिस ने विभिन्न इलाकों से जब्त किए गए करीब 50 से 60 मॉडिफाइड साइलेंसरों को साकची थाना परिसर के बाहर रोड रोलर से कुचलकर नष्ट कर दिया।
ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में साकची, बागबेड़ा, जुगसलाई और परसुडीह समेत शहर के विभिन्न इलाकों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे दोपहिया वाहनों की पहचान कर उन्हें मौके पर ही हटवाया गया और साइलेंसर जब्त कर लिए गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज से आम लोगों को परेशानी होती है और पूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
