रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर लारी बुध बाजार के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रक और सवारी गाड़ी की आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने कुछ समय के लिए रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में ताशा पार्टी के सदस्य और सवारी गाड़ी का चालक शामिल हैं। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
